गोरखपुर से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां अरबपति कारोबारी और हाईप्रोफाइल क्लब संचालक अतुल श्रीवास्तव के बेटे अम्बरीश श्रीवास्तव (40) की गोली लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि गोली उनकी ही लाइसेंसी पिस्टल से चली, जो सीधे उनके मुंह में जा लगी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, अम्बरीश शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे अपनी फॉर्च्यूनर कार से अकेले फार्महाउस पहुंचे थे। वहां वे मोबाइल पर किसी से बातचीत करते हुए ऊपर की मंजिल पर गए। सुबह साढ़े 8 से 9 बजे के बीच अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनते ही फार्महाउस के कर्मचारी मौके पर पहुंचे, जहां अम्बरीश खून से लथपथ पड़े मिले।
परिजनों का कहना है कि अम्बरीश अपनी पिस्टल की सफाई कर रहे थे, तभी गलती से गोली चल गई। हालांकि, गोली कैसे चली, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आ सका है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एसपी सिटी निमिष पाटिल के अनुसार, छोटे भाई नितिन श्रीवास्तव ने सुबह करीब 9:30 बजे घटना की जानकारी दी। सीसीटीवी फुटेज में अम्बरीश को फार्महाउस पहुंचते और ऊपर जाते हुए देखा गया है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हर पहलू को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है। देर शाम राप्ती नदी के किनारे उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
रिपोर्टर: उज्जवल पाठक (Public Eye News)

إرسال تعليق