Top News

बर्गर-पिज्जा और मोमोज का बढ़ता खतरा, बच्ची के दिमाग में पहुंचा कीड़ा

जिले में बच्चों में फास्ट फूड का बढ़ता चलन अब गंभीर बीमारियों की वजह बनता जा रहा है। ताजा मामला एटा मेडिकल कॉलेज से सामने आया है, जहां एक आठ वर्षीय बच्ची के दिमाग में कीड़ा पहुंचने की पुष्टि होने के बाद उसे आगरा रेफर किया गया। इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सकों ने लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है। जानकारी के अनुसार, परवां निवासी आठ वर्षीय छाया को तेज बुखार, सिर दर्द और हाथ-पैरों में कमजोरी की शिकायत के बाद मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। करीब पांच-छह दिन तक इलाज चलने के बाद डॉक्टरों ने बच्ची के दिमाग में गांठ जैसी समस्या देखी, जिसके बाद एमआरआई जांच कराई गई। जांच में दिमाग में कीड़ा होने की पुष्टि हुई। बच्ची की मां प्रीति ने बताया कि उनकी बेटी को बर्गर, पिज्जा और मोमोज खाने का काफी शौक था। डॉक्टरों का कहना है कि कई बार बाजार में बिकने वाले फास्ट फूड में साफ-सफाई का अभाव और कच्ची या अधपकी सामग्री का इस्तेमाल होने से शरीर में संक्रमण फैल सकता है। यही संक्रमण गंभीर रूप लेकर दिमाग तक पहुंच जाता है। बाल रोग विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि सड़क किनारे बिकने वाले चाइनीज और फास्ट फूड बच्चों के स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकते हैं। खासतौर पर कच्ची पत्तागोभी और अधपकी सामग्री में बैक्टीरिया व परजीवी पनपने का खतरा अधिक रहता है। डॉक्टरों ने अभिभावकों से बच्चों के खानपान पर विशेष ध्यान देने और साफ-सुथरा भोजन देने की अपील की है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि समय रहते जांच और उपचार न होने पर ऐसी बीमारी जानलेवा भी बन सकती है। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच चिंता का माहौल है।

संवाददाता : पंकज पाठक पब्लिक आई न्यूज़ 

Post a Comment

أحدث أقدم
PUBLIC Eye NEWS
PUBLIC Eye NEWS

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume