अवागढ़ (एटा)। कस्बे के आगरा रोड स्थित महाराजा टेंट हाउस पर लेन-देन के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। ताजा जानकारी के अनुसार, टेंट हाउस के मालिक नीतू यादव के साथ मारपीट की गई है, जिसमें कल्याणगढ़ी के कुछ लोगों पर पिटाई का आरोप लगाया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, टेंट के सामान की वापसी और पैसों के हिसाब को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई में बदल गया और आरोप है कि कल्याणगढ़ी से आए लोगों ने टेंट मालिक नीतू यादव को घेरकर पीट दिया। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के दुकानदारों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि झगड़े के दौरान लाठी-डंडे भी चले, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। घायल टेंट मालिक नीतू यादव को उपचार के लिए भेजा गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में रोष है। उनका कहना है कि आए दिन ऐसे विवाद बढ़ते जा रहे हैं, जिन पर सख्त कार्रवाई जरूरी है।
रिपोर्टर : उज्ज्वल पाठक
पब्लिक आई न्यूज़, अवागढ़


Post a Comment