Top News

श्रीमद्भागवत कथा से पूर्व निकली भव्य कलश यात्रा, भक्तिमय हुआ अवागढ़ नगर

 संवाददाता : पंकज पाठक | Public Eye News


अवागढ़। एटा जनपद के अवागढ़ नगर में मंगलवार को श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ से पूर्व भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सिर पर कलश धारण किए महिलाओं की लंबी कतारें जब नगर के मुख्य मार्गों से होकर गुजरीं तो पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन, जयघोष और धार्मिक नारों से नगर गूंज उठा।


कलश यात्रा नगर के प्रसिद्ध दुर्गा माता मंदिर से विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ प्रारंभ हुई। इसके बाद यात्रा आगरा-टूंडला रोड, मुख्य बाजार, किला रोड सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर निकली और अंत में पटवारी माता मंदिर स्थित कथा स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं एवं व्यापारियों द्वारा पुष्प वर्षा कर भक्तों का स्वागत किया गया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए जलपान एवं प्रसाद की भी व्यवस्था की गई थी।


यात्रा में शामिल महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर सजे कलश लेकर चल रही थीं, जिससे धार्मिक आस्था का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। वहीं युवा एवं बच्चे भी भक्ति रस में सराबोर दिखाई दिए। पूरे नगर में धार्मिक उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।


इस अवसर पर कथा व्यास पंडित वेद प्रकाश शास्त्री एवं पंडित जनार्दन मिश्र विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष ठाकुर महेश पाल सिंह, अमर सिंह मथुरिया, पप्पू सैनी, मुकेश वशिष्ठ, मनीष कुमार बरसाने सहित अनेक गणमान्य लोगों ने भाग लिया और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया।


आयोजकों ने बताया कि श्रीमद्भागवत कथा के दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें श्रद्धालु बड़ी संख्या में भाग लेंगे। कथा स्थल पर भक्तों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं भी की गई हैं। इस धार्मिक आयोजन को लेकर नगरवासियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।


Post a Comment

Previous Post Next Post
PUBLIC Eye NEWS
PUBLIC Eye NEWS

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume