एटा। जिले के अवागढ़ क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक टेंट संचालक पर दबंगों द्वारा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शादी समारोह में सामान खोने के पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें हमलावरों ने टेंट संचालक को बुरी तरह पीटकर अधमरा कर दिया।
जानकारी के अनुसार, घायल टेंट संचालक योगेश यादव की दुकान से गांव कल्याणपुर में आयोजित एक शादी में टेंट का सामान लिया गया था। मंगलवार सुबह जब योगेश ने कुछ सामान खोने पर उसके पैसे और किराया मांगा, तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि विवाद के बाद आरोपियों ने अपने साथियों को बुला लिया, जिसके बाद दो गाड़ियों और कई बाइकों से पहुंचे दर्जनों लोगों ने दुकान पर हमला बोल दिया।
हमलावरों ने लाठी-डंडों से योगेश यादव की जमकर पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हमलावरों ने वहां मौजूद लोगों को भी धमकाया और पथराव कर उन्हें खदेड़ दिया। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इलाके में इस घटना के बाद दहशत का माहौल बना हुआ है।

Post a Comment